Deoghar: देवघर केराबनी बासुकीनाथ सड़क पर स्थित उपर बहियारी गांव के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक बाइक पर सवार दो युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सड़क हादसे में एक युवक की घटनास्थल पर और दूसरे युवक की इलाज के दौरान सदर अस्पताल में मौत हो गई।
मृतक युवक का नाम गोविंद मंडल उम्र 22 वर्ष जो जरमुंडी थाना क्षेत्र के पतसरा गांव का रहने वाला है। वहीं, दूसरा मृतक युवक का नाम दिलखुश कुमार जो पालोजोरी थाना क्षेत्र के ऊपरबहियारी गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। फिलहाल उसका शव जरमुंडी पुलिस ने जब्त कर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया।
इस संबंध में मृतक का चचेरा भाई प्रदीप मंडल ने बताया कि मृतक भाई ने कुछ दिन पूर्व फाइनेंस पर एक बाइक खरीदी है। जिसका किस्त जमा करने के लिए दोस्त दिलखुश कुमार के साथ पालोजोरी जा रहा था। जैसे ही वह उपर बहियारी गांव पार कर रहा था उसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही अज्ञात चार पहिया वाहन ने धक्का मारकर फरार हो गया। जिससे दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
ग्रामीणों की मदद से दोनों घायल को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जरमुंडी पहुंचाया, जहां दिलखुश की मौत हो गई। वहीं गोविंद की स्थिति गंभीर देख डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल देवघर रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
इधर घटना के बाद दोनों गांवों में मातम छा गया है।