Deoghar News : देवघर नगर थाना क्षेत्र के हिरना मस्जिद गली, दर्जी मोहल्ला निवासी 18 वर्षीया जन्नत खातून ने अपने पति समेत ससुराल के चार लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, पुत्री को जन्म देने पर ताने मारने और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में पीड़िता ने नगर थाना प्रभारी में आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा कर अपनी और अपनी एक वर्षीय पुत्री जैस्मिन खातून की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

पीड़िता ने मामले में बताया है कि उसकी शादी करीब दो वर्ष पूर्व शोएब शेख उर्फ राजा शेख (26) के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। शादी में उसके माता-पिता ने अपनी हैसियत से बढ़कर दान-दहेज दिया था। इसके बावजूद शादी के बाद से ही पति और ससुराल के अन्य सदस्यों द्वारा कथित तौर पर मोटी रकम की मांग की जाने लगी।
बेटी के जन्म के बाद प्रताड़ित करने का आरोप

जन्नत खातून के अनुसार, उसके गर्भ से एक वर्षीय पुत्री जैस्मिन खातून का जन्म हुआ। आरोप है कि पुत्री के जन्म के बाद से ही ससुराल वाले उसे ताना मारने लगे और उसे कुलक्षणी कहकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। पीड़िता का कहना है कि उसके गरीब माता-पिता और भाई ने मजबूरी में कई बार एक लाख रुपये और कभी 50 हजार रुपये तक दिए। इसके बावजूद दहेज की मांग और मारपीट का सिलसिला बंद नहीं हुआ। मामले में कहा गया है कि इस मामले को लेकर कई बार पंचायत हुई।
पंचायत में आरोपित माफी मांग लेते थे, लेकिन इसके बाद फिर से कथित तौर पर मारपीट और दहेज की मांग शुरू कर देते थे। पीड़िता ने मामले में आरोप लगाया है कि 6 अक्टूबर की सुबह करीब तीन बजे उसके पति शोएब शेख उर्फ राजा शेख, ससुर अनवर शेख, सास इमराना बीबी और ननद रौशनी खातून उर्फ रानी ने एकजुट होकर जान से मारने की नीयत से उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान लोहे की रॉड से उसके सिर और शरीर पर वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
पीड़िता ने अपने शरीर पर गहरे जख्म होने की बात भी मामले में कही है। जन्नत खातून ने नगर थाना प्रभारी से पति शोएब शेख उर्फ राजा शेख, ससुर अनवर शेख, सास इमराना बीबी और ननद रौशनी खातून उर्फ रानी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है । उसने आशंका जताई है कि समय पर कार्रवाई नहीं होने पर आरोपित उसकी और उसकी एक वर्षीय मासूम बच्ची की जान ले सकते हैं। पीड़िता ने पुलिस से अपनी और अपनी बच्ची की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।



