Deoghar News : निजी तस्वीरें वायरल करने, पीछा करने, जबरन संबंध व विवाह के लिए दबाव डालने, धमकी देने तथा मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मामले में एक युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है।

शिकायत में कहा गया है कि आरोपित लगातार कार्यालय, घर और कॉलेज आने-जाने के रास्ते में परेशान करता है। साथ रहने, बातचीत करने और विवाह करने का दबाव डालता है। स्पष्ट रूप से मना करने के बाद बर्बाद करने और चरित्र को बदनाम करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

दर्ज मामले के अनुसार विश्वास में लेकर आरोपित के साथ निजी तस्वीरें साझा की गयी थीं। आरोप है कि अब उक्त तस्वीरों को उसकी इच्छा के विरुद्ध परिचितों व अन्य लोगों के बीच प्रसारित किया जा रहा है। इससे सामाजिक रूप से बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है।
शिकायत में कहा गया है कि आरोपित की धमकियों के कारण मानसिक दबाव में आकर उसकी बातें मानने के लिए मजबूर होना पड़ा था, लेकिन अब उसकी प्रताड़ना असहनीय हो चुकी है।
शिकायतकर्ता ने स्पष्ट किया है कि अब आरोपित से बातचीत रखने अथवा विवाह करने का कोई इरादा नहीं है। अपनी सम्मान व प्रतिष्ठा को लेकर गंभीर भय जताते हुए नगर थाना पुलिस से मामले में तत्काल संज्ञान लेकर प्राथमिकी दर्ज करने, निजी तस्वीरों के प्रसार को रोकने तथा प्रसारित तस्वीरों को हटवाने के लिए आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है।



