
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के हरिहरबाड़ी मोहल्ला निवासी एक युवक के केस में फंस जाने की बात कह उसके पिता से 50 हजार की साइबर ठगी कर ली गई है।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि युवक पं. बंगाल के कोलकाता में रहकर सीएस की पढ़ाई कर रहा है। उसके पिता को एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने अपने आप को पुलिस अधिकारी बताया। उसने बताया कि उसका बेटा केस में फंस गया है। अगर मैनेज नहीं किया गया तो उसे जेल भेज दिया जाएगा। उसे छुड़ाने के लिए पैसा की मांग की गई।

बेटे के फंसने की बात सुनकर पिता फोन करने वाले के झांसा में आ गए। उन्होंने बताए गए नंबर पर 50 हजार ट्रांसफर कर दिया। बाद में बेटे से बात होने पर पता चला कि मामला झूठा है और वे साइबर ठगी के शिकार हो गए हैं। मामले की जानकारी साइबर थाना की पुलिस को दे दी गई है। साइबर थाना की पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। दिए गए नंबर के आधार पर साइबर ठग का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पीजी की हुई युवती को किया डिजिटल अरेस्ट
नगर थाना क्षेत्र की एक पीजी पास युवती को साइबर ठगों ने डिजिटल अरेस्ट कर दिया। बताया जाता है कि छात्रा फिलहाल सिलाई का काम करती है। उसने पीजी पास किया हुआ है। उसके पिता सेवानिवृत शिक्षक है। उसका अश्लील फोटो व वीडियो सोशल साइट पर अपलोड करने की धमकी देकर उसे डिजिटल अरेस्ट कर लिया गया। उसके केस संबंधित फर्जी दस्तावेज दिखकर उसे डराया गया। उससे पैसा ठगने के प्रयास किया गया। उसे फोन करने वाले ने अपने आप को सीबीआइ का अधिकारी बताया। उसे वर्दी व आफिस का सेटअप भी दिखाया गया। युवती को केस से बचाने के लिए पैसा की डिमांड की गई। उससे उसका बैंक खाता का डिटेल्स भी ले लिया गया। युवती काफी बेचैन हो गई थी। स्वजनों को इस बारे में पता चला तो वे उसे लेकर साइबर थाना पहुंचे।
बताया जाता है कि युवती इतनी परेशान हो गई थी कि अगर उसे समय पर साइबर थाना नहीं लाया जाता तो संभव था कि वह कोई गलत कदम उठा लेती। साइबर थाना की पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।


