
Deoghar : देवघर साइबर थाना की पुलिस ने साइबर ठगी मामले में संलिप्त आधा दर्जन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार होने वालों में पथरड्डा ओपी क्षेत्र के रांमटिया गांव निवासी सुनील दास, रोहित दास, गोपाल दास व आनडियो दास, मोहनपुर थाना क्षेत्र के कल्होड़िया गांव निवासी देवानंद कुमार व बुढ़ई थाना क्षेत्र के झिलुवा गांव निवासी सुनील मंडल शामिल है।

इन सभी के पास से 10 मोबाइल फोन व 15 सिम कार्ड बरामद किया गया है। इन साइबर ठगों के पास से बरामद मोबाइल की जांच की गई। जांच से पता चला कि इन मोबाइल नंबर के खिलाफ आनलाइन शिकायत दर्ज कराई गई है। इसके अलावा प्रतिबिंब पोर्टल पर दर्ज दो मोबाइल नंबर भी बरामद किया गया।

बताया जाता है कि साइबर अपराधियों द्वारा पथरड्डा ओपी क्षेत्र के नचनियां जंगल में लोगों को झांसे में लेकर ठगी का शिकार बनाने की सूचना पुलिस को मिली थी।
इसी आधार पर एसपी अजीत पीटर डुंगडुंग के निर्देश पर साइबर थाना के पुलिस निरीक्षक कृष्णदत्त झा व पुलिस अवर निरीक्षक नाग्रेंद्र प्रसाद सिंह सहित संबंधित थाना की पुलिस ने कार्रवाई कर इन सभी साइबर आरोपितों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के बाद इन सभी को पूछताछ के लिए थाना लाया गया। पूछताछ के दौरान सभी आरोपितों ने साइबर ठगी में अपनी संलिप्तता स्वीकार किया।
पुलिस को बताया कि बैंक कस्टमर को उनके व्हाट्सअप के माध्यम से फोर्ड लिंक भेजकर आनलाइन ठगी का शिकार बनाते है। साइबर थाना की पुलिस ने गिरफ्तार साइबर आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।


