
Deoghar: देवघर जिले के कुंडा थाना इलाके कुंडा मोड़ से तपोवन जाने वाले बाइपास सड़क पर रविवार को हुई एक सड़क हादसे में बाइक सवार 56 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गयी। मृतक का नाम मनोज कुमार सिंह है जो सारवां थाना क्षेत्र के सरपोका गांव का रहने वाला है। वर्तमान में वह शहिदआश्रम रोड में घर बनाकर रह रहा था।

धक्का मारने वाले वाहन का नंबर प्लेट घटनास्थल पर ही गिर गया। जबकि उसका चालक वाहन लेकर मौके पर से फरार हो गया। बताया जाता है कि धक्का मारने वाले वाहन पर कांवरिया सवार थे।

घटना की जानकारी मिलते ही कुंडा गश्ती दल घटना स्थल पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल पहुंचाया। वहीं कुंडा गश्ती दल के द्वारा धक्का मारने वाले वाहन का गिरा हुआ नंबर प्लेट जब्त कर लिया।
धक्का मारने वाले वाहन का नंबर बीआर 01 पी के 1223 है जो कि बिहार के जहानाबाद के आरकेपी विद्यालय के पीछे शिक्षक कॉलोनी राजा बाजार की रहने वाली सुनिता देवी के नाम से पंजिकृत है।
परिजनों ने बताया कि वह घर से कुछ काम से रविवार की दोपहर को निकला था। उसी दौरान पीछे से तेजगति और लापरवाही से कांवरिया को ले जा रहे स्कार्पियों वाहन के चालक ने उसके बाइक में धक्का मार दिया।
इस घटना में स्कार्पियों का चक्का मृतक के शरीर पर चढ़ गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिये सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
जहां देखने के उपरांत ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इधर घटना के बाद कुंडा पुलिस धक्का मारने वाले वाहन की खोज में जुट गयी है।


