
Deoghar: देवघर पुलिस ने फिरौती के लिए अपहृत किए गए एक युवक को सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 जून 2026 को करौं थाना क्षेत्र से सूचना मिली थी कि प्रकाश मंडल (20 वर्ष) का अज्ञात अपराधियों द्वारा अपहरण कर लिया गया है। अपहर्ताओं द्वारा उसकी रिहाई के बदले 1.50 लाख रुपये की फिरौती की मांग की जा रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई शुरू की और अपराधियों के ठिकाने का पता लगाने में जुट गई।

जांच के दौरान पुलिस को अपहृत युवक के ठिकाने की जानकारी मिली। इसके बाद कुंडा थाना क्षेत्र के कर्णकोल स्थित मधुबन आहरा के पास छापेमारी की गई। पुलिस टीम ने मौके से प्रकाश मंडल को सकुशल बरामद कर लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में सीरम कुमार वर्णवाल (22 वर्ष), पिता अभिमन्यु वर्णवाल, ग्राम गुरुकुल सातर, थाना कुंडा तथा गौतम यादव (20 वर्ष), पिता श्याम यादव, ग्राम भोरा जमुआ, थाना कुंडा, जिला देवघर शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस मामले की सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।


