
Deoghar: विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला 2026 को लेकर देवघर प्रशासन ने बड़ा और अहम फैसला लिया है। सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए अब श्रद्धालुओं को बाबा बैद्यनाथधाम मंदिर परिसर में मोबाइल फोन और बैग ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

बाबा बैद्यनाथ मंदिर में प्रवेश से पहले सभी भक्तों को अपना मोबाइल, बैग और अन्य सामान अनिवार्य रूप से क्लॉक रूम या लॉकर में जमा करना होगा। प्रशासन का मानना है कि इस निर्णय से मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और अनावश्यक भीड़-भाड़ को नियंत्रित किया जा सकेगा।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर के क्यू कॉम्प्लेक्स में एक आधुनिक क्लॉक रूम का निर्माण किया जा रहा है। यहां श्रद्धालु अपने मोबाइल, बैग और अन्य जरूरी सामान सुरक्षित तरीके से रख सकेंगे। इस नई व्यवस्था का उद्देश्य जलार्पण और दर्शन प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाना है।
प्रशासन का कहना है कि इससे भक्तों को बिना किसी परेशानी के लाइन में आगे बढ़ने और व्यवस्थित ढंग से पूजा करने में मदद मिलेगी।


