
Deoghar: देवघर नगर थाना इलाके में इन दिनों लगातार गृह चोरी का मामला बढ़ता जा रहा है। कहा जाय तो चोरों ने नगर पुलिस को नाकोदम कर रखा है। चोरों ने शहर में आतंक मचा रखा है। एक के बाद एक चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है।

नगर थाना क्षेत्र के देवघर कालेज रोड स्थित निलकंठ विहार के एक घर के खिड़की का ग्रिल तोड़कर अंदर से 18 लाख का गहना व 60 हजार नकद चोरी कर लिया गया है। इस सिलसिले में मधुरेन्द्र कुमार सिन्हा के बयान पर नगर थाने में मामला दर्ज किया गया है।

दर्ज मामले में कहा गया है कि वे अपनी पत्नी नमिता कुमारी के साथ जमशेदपुर गई थी। घर में उसके बुजुर्ग मां पिता व बेटा सौरभ रह गए थे। बेटा नीचे सो रहा था और मां व पिता उपर सो रहे थे। इसी क्रम में रात के वक्त चोर घर के पीछे की खिड़की को उखाड़कर अंदर घुसे और आलमारी को तोड़कर उसमें रखा 60 हजार नकद और उनकी पत्नी का सारा जेवरात चोरी कर लिया।
जेवरात की पूरी कीमत करीब 18 लाख बतायी जाती है। चोर घर के एक सोने का चेन, सोने का नाक का बेसर 15 पीस, गले का हार दो पीस, एक पीस नथिया, पांच सोने का अंगुठी, तीन सेट कानबाली, बाली एक सेट, चांदी का पायल दस जोड़ा, बिछिया 20 जोड़ा, चांदी का ग्लास, कटोरी, चम्मच, दस चांदी का सिक्का, घड़ी दो पीस आदि चोरी कर लिया है।
सुबह मां कमरे में झाडू लगाने गई थी तो देखा कि घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा है और आलमारी का ताला व लाकर टूटा हुआ है। उसके बाद उन्हें फोन पर घटना की सूचना दी गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की छानबीन की। पुलिस चोरों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।


