
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के अपर सिंघवा श्री कृष्णा नगर कालोनी के सामने बीच सड़क पर सोमवार को 10 लाख रूपये रंगदारी की मांग को लेकर दिनदहाड़े बदमाशों ने हवाई फायरिंग की। करीब एक दर्जन बाइक पर सवार 30 से 35 की संख्या में अपराधी दिन दहाड़े देवघर-कुमैठा मुख्य मार्ग पर पहुंचकर हवा में गोलियां चलाई।

इस दौरान वहां एक जमीन पर बनाए जा रहे चाहरदिवारी को भी तोड़ दिया। इसका विरोध करने पर बदमाशों ने एक युवक की जमकर पिटाई कर दी। पिटाई किए जाने से विशाल कुमार घायल हो गया।

घटना के संबंध में बताया गया कि इस रास्ते में मुख्य सड़क के किनारे संजय राम की पत्नी सुमन देवी, सुरेन्द्र राम की पत्नी प्रेमलता देवी, निलेश राम की पत्नी पूनम देवी के नाम पर नन सेलेबल जमीन खरीदा गया है। पूनम व प्रेमलता के नाम पर आधा-आधा कट्ठा और सुमन के नाम पर एक कट्ठा जमीन लिया गया है।

उस जमीन पर चाहरदिवारी का काम किया जा रहा था। वहां काम कर रहे मजदूरों व काम करवा रहे लोगों ने इंटा पत्थर चलाया तो वे लोग वहां से भागे और फिर वे लोग भी इंटा पत्थर चलाना शुरू कर दिया। वहीं बदमाशों ने एक बुलेट सहित तीन बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
फिर धमकी देते हुए वहां से कुमैठा की ओर भाग निकले। सुरेन्द्र राम ने बताया कि पुलिस ने मौके पर से एक खोखा भी बरामद किया है। बताया जाता है कि इस घटना के पीछे खरबारी महेशमारा निवासी एक युवक के गिरोह का हाथ है।

वहीं घटना की सूचना मिलने पर एसडीपीओ ऋत्विक श्रीवास्तव, नगर थाना प्रभारी राजीव कुमार, एसआइ प्रशांत कुमार, धनश्याम गंजू, अजय सिंह, एएसआइ जमशेद आलम आदि ने मौके पर पहुंचकर घटना की छानबीन की। पुलिस ने वहां पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज को खंगाला।


