Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के कालीराखा मोहल्ला में अहले सुबह गैस लीक करने से एक घर मे आग लग गई। इस घटना में दो बच्चे सहित चार सदस्य झुलस गए। सभी को सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। घायलों में चार वर्षीय दीपा कुमारी, सात वर्षीय आदित्य कुमार, 25 वर्षीय नीलू देवी तथा 40 वर्षीय विक्की कुमार के नाम शामिल हैं। ये सभी कालीराखा मोहल्ले के रहने वाले हैं।
बताया जाता है कि विक्की को सुबह तीन बजे के आसपास बाहर जाना था। कमरा बंद था, पत्नी को उसने चाय बनाने को कहा। 5 किलो का छोटा सिलेंडर था जो पहले से लीक था। जैसे ही उसने गैस को जलाने का प्रयास किया पूरे टंकी में आग भड़क गई। बच्चे भी बगल में ही सोये थे। आग लगने से सभी लोग बुरी तरह झुलस गए। कमरा अंदर से बंद रहने के कारण सभी लोग अंदर फंस गए। उनके चिल्लाने की आवाज सुनकर दूसरे कमरे में सो रहे परिजन जागे उसके बाद दरवाजे के कुंडी को तोड़ा उसके बाद सभी को निकालकर इलाज के लिए अस्पताल पंहुचाया।