
New Delhi: दिल्ली पुलिस (Delhi Police) की स्पेशल सेल ने 125 से ज्यादा आपराधिक वारदातों में शामिल रह चुके एक कुख्यात बदमाश को गिरफ्तार किया है। इसके पास से एक सिंगल शॉट पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस मिले हैं। आरोपित की पहचान वसीम अकरम (27) के के रूप हुई जो 35 मामले में वांछित था। इनमें कोटला मुबारकपुर थाने के एसएचओ के ऊपर फायरिंग का भी एक मामला शामिल है। जहांगीरपुरी में आरोपित की छवि रॉबिनहुड की तरह थी। वह निम्न वर्गीय लोगों की मदद करता था, जिस कारण उसके बड़ी संख्या में फोलोअर्स हैं।

स्पेशल सेल के डीसीपी जसमीत सिंह ने रविवार को बताया कि वसीम अकरम उर्फ लम्बू सीडी पार्क जहांगीरपुरी इलाके का रहने वाला है। इसे 19 अगस्त की तड़के आनंद विहार रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया गया था। बीते चार महीने से पुलिस की एक टीम इसके बारे में जानकारी जुटाने में लगी थी। पुलिस से बचने के लिए वह लगातार ठिकाने बदलकर दिल्ली, वेस्ट बंगाल, बिहार और हरियाणा में रह रहा था।

कई अपराधों के मामले में शामिल रह चुके वसीम के ऊपर हत्या, लूट, झपटमारी, दुष्कर्म, सेंधमारी, पुलिस पर हमला करने जैसे मामले दर्ज हैं। पिछले साल 30 जून को आरोपित ने आईएसबीटी कश्मीरी गेट के पास कोटला मुबारपुर थाने के एसएचओ के ऊपर फायरिंग भी कर दी थी। दरअसल यह अपने साथियों के साथ कोटला मुबारक पुर इलाके में घूम रहा था। यह पता चलते ही कोटला थाने के स्टाफ ने उसका पीछा करना शुरु किया। बदमाश कार में सवार थे। इन्हें आईएसबीटी के नजदीक रोका गया जहां वसीम फायरिंग करते हुए फरार हो गया। हालांकि, उसके तीन साथियों को पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया था।
ताजा 35 मामले में से 15 में आरोपित को कोर्ट द्वारा भगौड़ा घोषित करने की प्रक्रिया चल रही थी। डीसीपी ने बताया वसीम सेंधमारी करने वाले गैंग का सरगना है, जिसके गैंग में 25 से ज्यादा सदस्य हैं। दिन के समय में इस गैंग के सदस्य पॉश कॉलोनियों में रेकी करते और फिर चयन किए गए घर में रात को सेंध लगा देते थे।
दिल्ली में चार पांच सेंधमारी चोरी की वारदात करने के बाद वसीम दिल्ली छोड़ कोलकाता चला जाता था। वसीम ज्यादातर समय हवाई जहाज से ही यात्रा करता था, जबकि उसके गैंग के सदस्य ट्रेन या बस से सफर करते थे। वसीम की सीडी ब्लॉक जहांगीरपुरी में रॉबिनहुड की छवि थी। वह गरीब लोगों की मदद करता था, इस वजह से लोग उसे पुलिस के बारे में सूचना देकर उसे भगाने में मदद करते थे।


