नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट के गेट संख्या 2 के बाहर सोमवार दोपहर एक व्यक्ति और महिला ने स्वयं पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। हालांकि आस-पास मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत आग को बुझाया और फौरन दोनों को उपचार के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल में पहुंचाया। फिलहाल दोनों का उपचार किया जा रहा है और पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

नई दिल्ली जिला के डीसीपी दीपक यादव ने बताया कि दोपहर के समय एक पुरुष और महिला सुप्रीम कोर्ट के गेट पर पहुंचे। यहां पर उन्होंने अपने ऊपर कोई ज्वलनशील पदार्थ डालकर खुद को आग के हवाले कर दिया। यह देखकर तुरंत सुरक्षाकर्मी उधर की तरफ दौड़े और आग को बुझाया। फिलहाल दोनों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उनके बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है।क्राइम टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है और वहां से सैंपल उठा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, दोनों यूपी के रहने वाले हैं। दोपहर करीब 12:15 बजे पैदल चलते हुए कोर्ट के गेट नंबर 2 निकासी द्वार तक आए थे और आते ही उन्होंने पेट्रोल डाला और तुरंत आग लगा ली। दोनों 70 से 80 फ़ीसदी जले हैं और आरएमएल अस्पताल में भर्ती हैं। दोनों के बीच क्या संबंध है अभी पुलिस को इसका पता नहीं चल सका है। दोनों अभी बयान देने की स्थिति में भी नहीं है।
बताया जा रहा है कि आत्मदाह का प्रयास करने वाले दोनो महिला-पुरूष कोर्ट में किसी मामले में सुनवाई के लिए आए थे। फिलहाल पुलिस कोर्ट से इस तरह के किसी केस की डिटेल निकलवा रही है ताकि आत्मदाह का प्रयास करने वालों के बारे में सही जानकारी मिले और उनके परिजनों को सूचना दी जा सके । दोपहर करीब 3:00 बजे क्राइम टीम भी मौके पर पहुंच गई और मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।(Agency)
इन्हें भी पढ़ें:
- IRCTC केस: दिल्ली की कोर्ट ने राबड़ी और तेजस्वी को 19 नवंबर को पेश होने का आदेश दिया
- Hazaribag में होटल पर फायरिंग, गैंगस्टर राहुल दुबे ने ली हमले की जिम्मेदारी
- Deoghar: फ्लिपकार्ट-अमेजन कस्टमर केयर व एयरटेल पेमेंट बैंक अधिकारी बनकर करते थे ठगी, दो साइबर अपराधी गिरफ्तार
- Deoghar: दो बोलेरो से 1200 लीटर नकली शराब बनाने वाला स्प्रिट जब्त, दो गिरफ्तार
- दीपावली, काली पूजा और छठ को लेकर Deoghar नगर निगम की तैयारी तेज



