
New Delhi: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे (Delhi-Mumbai Expressway) पर चलती कार में अचानक आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि कार में बैठे एक ही परिवार के पांच लोग जिंदा जलकर राख हो गए। जबकि, चालक बुरी तरह झुलस गया। जिसे जयपुर के एसएमएस हॉस्पिटल में इलाज कराया जा रहा है।

हादसा बुधवार की देर रात करीब 11:00 बजे की है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची लक्ष्मणगढ़ पुलिस और दमकल गाड़ी से आग पर काबू पाने के प्रयास किए गए। लेकिन, तबतक पांचों आग की भेंट चढ़ चुके थे।
वैष्णो देवी के दर्शन कर गांव लौट रहे थे सभी

मिली जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के चैनपुरा गांव निवासी एक परिवार वैष्णो देवी के दर्शन कर वापस अपने गांव लौट रहे थे। यह परिवार इस गाड़ी को किराए पर लेकर आया था। जैसे ही यह अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के मौजपुर में पहुंचे। वहां अचानक सीएनजी गैस का रिसाव हो गया और रिसाव इतना तेज था कि तुरंत ही आग पकड़ लिया और आग के चलते गाड़ी में सवार सभी जिंदा जलकर मर गए।
पांचों का कंकाल भी नहीं मिला
आग इतनी भयानक थी कि इसमें किसी को बाहर निकलने का मौका नहीं दिया। इस हादसे में तीन महिलाएं एक पुरुष और एक बच्ची जिंदा जलकर राख हो गए। उनके कंकाल भी नहीं बचे हैं। इस घटना की जानकारी देते हुए बताया गया कि सीएनजी की आग में इतनी ज्यादा हीट होती है कि वह हड्डी को भी गला देता है।
ड्राइवर बुरी तरह झुलसा, इलाज जारी
इस घटना में ड्राइवर भी बुरी तरह झुलस गया था, उसे बाहर निकालकर इलाज के लिए भेजा गया। पुलिस द्वारा एसएमएस हॉस्पिटल जयपुर के लिए रेफर किया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है।
डीएनए टेस्ट से होगी पहचान
इस घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर ही मेडिकल टीम को बुलाया गया है, जिससे डीएनए कर उनकी पहचान की जाएगी। घटना की सूचना परिजनों को भी दे दी गई है। रात को ही दमकल मौके पर बुलाई गई थी जिसे आग पर काबू पाया। आग बुझाने से पहले ही चालक को छोड़कर सभी सवार आग की भेंट चढ़ गए।



