
Ranchi: झारखंड का पहला एयरपोर्ट बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची (Birsa Munda Airport, Ranchi) को ग्राहक संतुष्टि सर्वे (customer satisfaction survey) में देशभर में पहला स्थान मिला है। पहले स्थान पर रांची एयरपोर्ट (Ranchi Airport) के साथ-साथ उदयपुर एयरपोर्ट (Udaipur Airport) भी संयुक्त रुप से शामिल है।

सर्वे की रिपोर्ट के अनुसार रांची एयरपोर्ट ग्राहक को संतुष्ट करने में सबसे सफल रहा है और रांची एयरपोर्ट से उड़ान भरने या फिर यहां पहुंचने वाले यात्रियों को सबसे बेहतर अनुभव मिला है।

AAI की ओर से कराए गए सर्वे में 5 प्वाइंट स्केल पर रांची एयरपोर्ट ने 4.99 अंक हासिल किए। यह सर्वे जनवरी 2022 से जून तक के बीच पहले राउंड के लिए किया गया था। इस सर्वे में देश भर के 55 एयरपोर्ट को शामिल किया गया था जिसमें रांची एयरपोर्ट ने टॉप स्थान प्राप्त किया।
इस सर्वे के अनुसार ऑन स्पॉट अथॉरिटी की ओर से यात्रियों से 38 तरह के सवाल किए गए। इन्हीं सवालों के जवाब के आधार पर 55 एयरपोर्ट को अंक दिए गए, जिसमें रांची और उदयपुर एयरपोर्ट ने सबसे ज्यादा अंक हासिल कर टॉप पोजीशन पर संयुक्त रूप से अपना स्थान बनाया।


