नई दिल्ली।

कांग्रेस को नए साल में एक और नेता के जाने का बड़ा दुख झेलना पड़ा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृहमंत्री बूटा सिंह का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया है।

86 वर्षीय बूटा सिंह का नई दिल्ली में निधन हुआ। उनका अंतिम संस्कार भी आज ही किया जाएगा। बूटा सिंह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। 21 मार्च, 1934 को पंजाब के जालंधर जिले के मुस्तफापुर गाँव में जन्मे सरदार बूटा सिंह आठ बार लोकसभा के लिए चुने गए थे।

नेहरू-गांधी परिवार के विश्वासपात्र रहे सरदार बूटा सिंह ने भारत सरकार में केंद्रीय गृह मंत्री, कृषि मंत्री, रेल मंत्री, खेल मंत्री और अन्य कार्यभार के अलावा बिहार के राज्यपाल और राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष के रूप में महत्वपूर्ण विभागों का संचालन किया। देशभर में राजनीतिक गलियारों में उनके निधन पर प्रतिक्रिया सामने आ रही है।



