
Deoghar : ससुराल आए एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय राहुल कुमार यादव के रूप में हुई है। वह पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिला अंतर्गत जमुड़िया हाट का रहने वाला था।

बताया जाता है कि राहुल कुमार यादव अपने ससुराल देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र स्थित तेलभंगा बुढ़ियारी गांव आया हुआ था। बुधवार को वह बाइक से कहीं घूमने निकला था। इसी दौरान दुमका जिले के तालझारी थाना क्षेत्र में एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में धक्का मार दिया।

हादसे में राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घायल राहुल को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां जांच के बाद ऑन ड्यूटी चिकित्सक ने बुधवार देर रात उसे मृत घोषित कर दिया।
इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन बैद्यनाथ धाम ओपी पहुंचे। परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराने का अनुरोध करते हुए आवेदन दिया। इसके बाद बुधवार देर रात ही शव को अपने साथ लेकर पश्चिम बंगाल स्थित अपने घर चले गए।



