नई दिल्ली।
कोरोना वायरस (Corona Virus) महामारी के चलते नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने भारत में शेड्यूल अंतरराष्ट्रीय वाणिज्यिक उड़ानों की आवाजाही पर प्रतिबंध 31 जनवरी 2021 तक बढ़ा दिया है। हालाँकि इस दौरान वंदे भारत मिशन (Vande Bharat Mission) के तहत जाने वाली उड़ानें जारी रहेंगी। इससे पहले अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर 31 दिसंबर 2020 तक प्रतिबंध था। DGCA के आदेश के अनुसार, केवल चयनित उड़ानों को ही संचालन की अनुमति होगी। प्रतिबंध विशेष उड़ानों और अंतरराष्ट्रीय एयर कार्गो संचालन पर लागू नहीं होगा।
जानकारी हो कि भारत ने कोरोना वायरस महामारी के कारण दो महीने के अंतराल के बाद 25 मई को घरेलू यात्री उड़ानों को फिर से शुरू किया था। इसके बाद विदेश में फंसे यात्रियों को वापस लाने के लिए वंदे भारत मिशन चलाया गया और कई देशों के साथ एयर बबल करार भी किया गया।
ब्रिटेन से आने वाली सभी उड़ानों पर सात जनवरी तक प्रतिबंध
ब्रिटेन में कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन (वायरस का नया रूप) मिलने के बाद से ही दुनियाभर में हलचल पैदा हो गई है। कई देशों ने ब्रिटेन से आने वाले विमानों पर रोक लगाना शुरू कर दिया है। वहीं, भारत ने भी एहतियात के तौर पर ब्रिटेन से आने वाली उड़ानों पर रोक लगाई है। ब्रिटेन में सामने आए कोरोना वायरस के एक नए स्ट्रेन के चलते भारत सरकार सतर्क हो गई है। सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए ब्रिटेन से आने वाले विमानों पर प्रतिबंध 31 दिसंबर 2020 से बढ़ाकर सात जनवरी 2021 तक किया है। नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने यह जानकारी दी।
अबतक ब्रिटेन से लौटे 20 लोगों में मिला नया स्ट्रेन
मालूम हो कि ब्रिटेन से लौटे अबतक कुल 20 लोग कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन से संक्रमित पाए गए हैं। ये सभी ब्रिटेन वैरिएंट जीनोम की चपेट में मिले हैं। इन सभी को एक कमरे में आइसोलेट कर दिया गया है। मंगलवार को छह व्यक्ति नए स्ट्रेन से संक्रमित पाए गए थे।