
Jamui News : बिहार के जमुई जिले के लक्ष्मीपुर प्रखंड के मोहनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनदीपी गांव में देर रात प्रेमी-प्रेमिका की शादी कराए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद मंदिर में शादी कराए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, झाझा थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती इन दिनों अपने ननिहाल सोनदीपी गांव आई हुई थी। बताया जाता है कि देर रात दिग्घी पंचायत के सुखासन गांव निवासी सुदीन कुमार यादव, पिता नरेश यादव, युवती से मिलने सोनदीपी गांव पहुंचा था। इसी दौरान ग्रामीणों की नजर दोनों पर पड़ गई।

ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया और मामले को लेकर पूछताछ की। इसके बाद आसपास के लोगों को भी इसकी जानकारी दी गयी। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों के समक्ष दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आने के बाद ग्रामीणों ने दोनों को बाबा पटेश्वर नाथ मंदिर ले जाकर शादी करा दी।
मंदिर में शादी कराए जाने के दौरान बनाए गए वीडियो को किसी ने सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसके बाद वीडियो तेजी से वायरल होने लगा। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, शादी दोनों की सहमति से हुई या ग्रामीणों के दबाव में, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है।
पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर जुटा रही जानकारी
घटना की जानकारी मिलने के बाद मोहनपुर थाना पुलिस भी मामले की जांच में जुट गयी है। पुलिस वायरल वीडियो के साथ-साथ पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल आधी रात प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को ग्रामीणों द्वारा पकड़कर मंदिर में शादी कराए जाने का मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।



