
Patna: बिहार के 25 जिलों में आज यानी रविवार 16 अगस्त को मौसम खराब रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने समूचे उत्तर बिहार में आंधी, बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा दक्षिण बिहार में भी कुछ हिस्सों में मौसम खराब रहेगा। हालाँकि, राज्य में रविवार को कहीं भी भारी बारिश के आसार नहीं हैं।

मौसम विभाग ने रविवार को मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भोजपुर (आरा), बक्सर, सारण (छपरा), पूर्वी चंपारण (मोतिहारी), पूर्णिया, मधुबनी, सुपौल, किशनगंज, अररिया, कटिहार, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, सीतामढ़ी, शिवहर, समस्तीपुर, वैशाली, पश्चिम चंपारण (बेतिया), गोपालगंज, कैमूर (भभुआ), रोहतास (सासाराम), औरंगाबाद और अरवल जिले में येलो अलर्ट की चेतावनी जारी की है।

इन जिलों में एक या दो जगहों पर तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने, मेघगर्जन और कहीं-कहीं आकाशीय बिजली (ठनका) गिरने की आशंका बनी रहेगी। लोगों से मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है।
वहीं, पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार सुबह 3 घंटे का तात्कालिक अलर्ट जारी कर औरंगाबाद, रोहतास जिला और आसपास के इलाकों में आंधी एवं बिजली की आशंका जताई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राजधानी पटना में रविवार को बूंदाबांदी की संभावना है। पूरे दिन बादल छाए रहेंगे। दोपहर में मेघगर्जन के साथ गरज तड़क हो सकती है। इसके बाद शाम में हल्की बारिश अथवा बूंदाबांदी की संभावना है। दोपहर में बारिश ना होने पर पटना वासियों को उमस भरी गर्मी से तरबतर होना पड़ सकता है।



