
Samastipur: बिहार के समस्तीपुर से बड़ी खबर है। यहां के दलसिंहसराय अनुमंडल अस्पताल में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला मरीज ने भोजन की सब्जी में कथित तौर पर मरा हुआ चूहा मिलने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पुरे अस्पताल में हड़कंप मच गया। मरीजों और परिजनों ने भोजन की गुणवत्ता पर सवाल उठाए, जबकि अस्पताल प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं।

महिला मरीज का आरोप है कि जब उसने सब्जी खाने के लिए देखा तो पत्तल में मरा हुआ चूहा दिखाई दिया। इसके बाद उसने भोजन अलग रखकर परिजनों और अस्पताल प्रशासन को इसकी सूचना दी।

घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल अधीक्षक डॉ. रामचंद्र सिंह ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने भोजन उपलब्ध कराने वाली जीविका कैंटीन के संयोजक और संबंधित प्रतिनिधियों को तलब कर जांच शुरू करने का निर्देश दिया।
अधीक्षक ने बताया कि प्राथमिक स्तर पर भोजन का नमूना सुरक्षित कर लिया गया है। अब उसके भंडारण और वितरण प्रक्रिया की जांच की जाएगी। अगर जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इधर, भोजन में मरा चूहा होने की जानकारी मिलते ही वार्ड में मौजूद अन्य मरीज और उनके परिजन भी वहां जुट गए, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजनों ने अस्पताल परिसर में नियमित साफ-सफाई, कीट नियंत्रण और भोजन की गुणवत्ता की निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की भी मांग की।
वहीं, भोजन उपलब्ध कराने वाली महिलाओं का कहना है कि वार्ड तक खाना पहुंचाते समय उसमें ऐसी कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं थी। उनका कहना है कि जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।
अब, रिपोर्ट आने के बाद ही तय होगा कि भोजन में लापरवाही हुई या नहीं और किसके खिलाफ कार्रवाई होगी।


