
Banka News : बांका जिले के बिहार-झारखंड सीमा पर स्थित पंजवारा चेकपोस्ट इन दिनों चुनावी चौकसी का केंद्र बन गया है।

बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए यहां सुरक्षा व्यवस्था को सख्त कर दिया गया है। प्रशासन के निर्देश पर पुलिस और दंडाधिकारियों की संयुक्त टीम लगातार चौकसी में जुटी है।

डीएम और एसपी के आदेश पर सीमा क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। हर आने-जाने वाले वाहन की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।
यह चेकपोस्ट बांका जिले को झारखंड के गोड्डा और दुमका जिलों से जोड़ता है, जिसके चलते यह क्षेत्र चुनाव के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से बेहद संवेदनशील माना जाता है।
पुलिस को आशंका है कि चुनावी माहौल में सीमा पार से अवैध शराब, हथियार, नकदी और अन्य आपत्तिजनक वस्तुओं की तस्करी की कोशिशें तेज हो सकती हैं।
पंजवारा थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि चुनाव को पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में संपन्न कराने के लिए यह अभियान विशेष रूप से चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी व्यक्ति या वाहन बिना जांच के सीमा पार न जा सके। चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
हाल ही में पुलिस ने जांच के दौरान एक युवक को चोरी की मोटरसाइकिल और मास्टर चाबी के साथ गिरफ्तार किया। युवक से पूछताछ जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक लगातार जारी रहेगा। इसके तहत दिन-रात गश्त बढ़ा दी गई है और पुलिस बल को चौबीसों घंटे ड्यूटी पर तैनात किया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पंजवारा चेकपोस्ट पर इस तरह की सख्त जांच व्यवस्था चुनावी अवधि में पहली बार देखने को मिल रही है।
बांका पुलिस ने कहा है कि पंजवारा समेत सभी चेकपोस्ट पर सतर्कता और बढ़ाई जाएगी, ताकि लोकतंत्र का पर्व बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके। (IANS)


