
Nawada: नवादा पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। नवादा जिले के सिरदला थाना क्षेत्र से पिछले 5 दिन से लापताा बैंक कर्मी को पुलिस ने राजगीर से शनिवार को सकुशल बरामद कर लिया है। बैंक कर्मी नालंदा जिले के नगरनौसा के निवासी नीरज कुमार बताए जाते हैं।

अधिकारी के मुताबिक नीरज बैंक में बतौर लोन वसूली एजेंट के रूप में कार्यरत थे। वह लोन वसूली के लिए 09 अक्टूबर को रजौली, सिरदला आए थे। उनके पास वसूली के करीब 42 हजार रुपये थे। उस दिन शाम में आखिरी बार जब उनसे बातचीत हुई, उसके बाद से ही उसका फोन स्विच-ऑफ हो गया। अगले दिन तक घर और ऑफिस नहीं आने पर परिजनों द्वारा सिरदला थाने में अगवा होने की शिकायत दर्ज करायी गयी थी।

नवादा जिले के सिरदला थानाध्यक्ष सरोज सिंह के मुताबिक लोन की रकम की वसूली के बाद नीरज रजौली लौट रहा था, इसी बीच उसके पास से वसूली के रुपये रास्ते में कहीं गिर गये। जिसे लेकर वह सदमे में आ गया और उसने अपना फोन बंद कर लिया था।इस बीच वह राजगीर जाकर रह रहा था। फिलहाल पुलिस ने बैंककर्मी को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गयी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संभावना व्यक्त की जा रही है कि पैसे वसूलकर बैंक कर्मी ने ही रख ली तथा वह बहाना बनाकर राजगीर में छुप गया। लेकिन सच्चाई का पर्दाफाश वैज्ञानिक जांच से ही संभव है।


