
Begusarai: स्वतंत्रता का 75 वर्ष पूरा होने के अवसर पर पूरा देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। तमाम विभाग लोगों को अपने-अपने तरीके से विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए लोगों को उत्साहित प्रेरित कर रहा है।

ऐसे में ”न्याय सबके लिए” की अवधारणा को मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा देश के तमाम न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। यह लोक अदालत 13 अगस्त को पूरे देश में एक साथ ऐसे अवसर पर लगेगा जब देशव्यापी तीन दिवसीय हर घर तिरंगा अभियान शुरू हो रहा है। बेगूसराय में भी जिला न्यायालय सहित सभी अनुमंडल स्तरीय न्यायालय में भी जिला विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन कर न्याय सबके लिए को गति दिया जाएगा।

बेगूसराय, बखरी, मंझौल, तेघड़ा और बलिया न्यायालय परिसर में आयोजित होने वाले इस राष्ट्रीय लोक अदालत में आपराधिक वाद, मोटर दुर्घटना वाले, वैवाहिक वाद (तलाक छोड़कर), दुर्घटना वाद, वन विभाग, बिजली विभाग (चोरी छोड़कर), दूरसंचार विभाग, बैंक ऋण, बीमा कंपनी, माप तौल, श्रम विभाग सहित सभी तरह के सुलहनीय मामले का सुलह के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।
लोक अदालत में अधिक से अधिक लोगों को सेवा उपलब्ध कराने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष-सह-जिला एवं सत्र न्यायाधीश, प्राधिकार के उपाध्यक्ष-सह-डीएम तथा प्राधिकार के सचिव के नेतृत्व में व्यापक पैमाने पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। लगातार बैठक कर तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है। राष्ट्रीय लोक अदालत में शामिल होने के लिए बैंक और बीमा कंपनी सहित सभी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के एडीआर भवन में लगने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर इंश्योरेंस कंपनी के पदाधिकारियों एवं पैनल अधिवक्ताओं के साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव-सह-अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सतीश कुमार झा ने बैठक की। जिसमें उन्होंने बीमा कंपनियों के सभी पदाधिकारियों सहित पैनल अधिवक्ताओं को निर्देश दिया कि बीमा से जुड़े अधिक से अधिक मामलों का समझौता के आधार पर निष्पादन करने के लिए तीव्रता से कार्य करें।
जिससे लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन किया जा सके। मौके पर अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (प्रथम) सुशांत कुमार, पैनल अधिवक्ता हीरालाल सिंह, दिलीप कुमार, वीरेंद्र प्रसाद वर्मा, लालजी प्रसाद एवं बीमा और विभिन्न बैंकों के पदाधिकारी उपस्थित थे।


