
Gaya: भारत और रूस (India and Russia) के अच्छे संबंध हैं। इसके बाद भी बिहार के एक लाल सोनू कुमार का शव करीब दस दिनों से रूस में पड़ा है। सोनू रूस में रहकर मेडिकल की पढ़ाई कर रहा था। दो माह बाद फाइनल रिजल्ट आने वाला था लेकिन उससे पहले उसकी मौत की खबर आई।

सोनू गया जिले के खिज़रसराय प्रखंड के लोदीपुर गांव निवासी अशोक कुमार का पुत्र था। जिस संस्थान से सोनू पढ़ाई कर रहा था। वहां के प्रशासक का कहना है कि आठ मंजिले इमारत से गिरने के कारण सोनू की मौत हुई है। रूस स्थित भारतीय दूतावास ने यह कहते हुए पल्ला झाड़ लिया है कि सोनू के शव को भारत ले जाने की जिम्मेदारी बीमा कंपनी की है।

वहीं, बीमा कंपनी इसे अंतरराष्ट्रीय मामला (international affairs) बता रही है। बहरहाल जो भी हो एक मां अपने कलेजे के टुकड़े के शव के लिए तड़प रही है। घटना कहीं भी हो सकती है लेकिन लाश ना मिले तो सवाल खड़ा होता है।
फिलहाल मृतक सोनू का भाई चंदन कुमार ने राज्य सरकार से शव को घर लाने के लिए पहल करने की मांग की है। ताकि उनके भाई का अंतिम दर्शन परिजन व ग्रामीण कर सकें और अंतिम संस्कार किया जा सके।


