
Patna/Gopalganj: बिहार के गोपालगंज (Gopalganj of Bihar) में वाहन जांच के दौरान उत्पाद विभाग की टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बलथरी चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने दो लोगों के पास से रविवार दोपहर तीन करोड़ रुपये बरामद किए हैं। मामले में उत्पाद विभाग ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। बरामद रुपये लखनऊ से सिलीगुड़ी ले जाए जा रहे थे।

उत्पाद अधीक्षक राकेश कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हिरासत में लिए गए युवकों में कार के ड्राइवर राकेश कुमार और मुकेश कुमार शामिल हैं। दोनों ने पूछताछ में बताया कि वे राजस्थान के बीकानेर के निवासी और लखनऊ में सुपारी कारोबारी युगल किशोर शर्मा के रुपये लेकर सिलीगुड़ी में किसी शख्स को देने जा रहे थे।

राकेश कुमार ने बताया कि फिलहाल पुलिस दोनों से कड़ी पूछताछ में जुटी है। इनकम टैक्स के अधिकारियों के आने के बाद जांच की जाएगी कि इतनी बड़ी तीन करोड़ रुपये किसके हैं और ये पैसे किस काम में इस्तेमाल होने वाले थे। एक साथ इतनी बड़ी राशि का मिलना कई सवाल खड़ा कर रहा है।


