
Hajipur HDFC Bank Robbery: बिहार के हाजीपुर में बड़ी वारदात हुई है। हाजीपुर के जढुआ में एचडीएफसी बैंक की शाखा से गुरुवार को एक करोड़ रुपये से अधिक की लूट हुई है। बताया जा रहा है कि यहां 1 करोड़ 19 लाख रुपयों की लूट हुई है। बाइक से 5 अपराधी आए थे, जिन्होंने इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। लूट के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए बोरे में पैसा भरकर चलते बने। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

घटना के बाद इलाके में सनसनी का माहौल है। सूचना मिलने पर हाजीपुर सदर के एसडीपीओ राघव दयाल समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है।
बैंक खुलने के थोड़ी देर बार ही घुसे लुटेरे

बताया जाता है कि गुरुवार की सुबह हाजीपुर के जढुआ में एचडीएफसी बैंक की शाखा खुलते ही नकाबपोश पांच अपराधी पहुंच गए। इसके पहले कि कोई कुछ समझ पाता बदमाशों ने हथियार दिखाकर ग्राहक और बैंक कर्मचारियों को अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान कुछ ही मिनटों के अंदर बैंक से करीब एक करोड़ 19 लाख रुपये लूट लिए। जानकारी के अनुसार अपराधी बाइक पर सवार होकर आए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद हथियार लहराते हुए बोरे में पैसा भरकर फरार हो गए। घटना के बाद बैंक कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी।
जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने बैंक के अंदर लगे सीसीटीवी फुंटेज को खंगाल रही है। जिले के सभी थाना की नाकाबंदी कर पुलिस ने वाहन चेकिंग शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में आरोपियों के हुलिया पता चला है, उसके आधार पर ही जांच की जा रही है. पुलिस का दावा है कि आरोपियों तक पहुंचने में जल्द ही कामयाबी मिल सकती है.
चार महीने पहले एक्सिस बैंक में हुई थी लूट
बता दें कि चार महीने पहले हाजीपुर महनार मुख्य मार्ग पर ही बाइक सवार आधा दर्जन अपराधियों ने एक्सिस बैंक की शाखा से करीब 43 लाख रुपये लूट लिए थे। आज जहां लूट की घटना हुई है उससे महज तीन किलोमीटर की दूरी पर एक्सिस बैंक में लूट की घटना हुई थी। गुरुवार की वारदात के बाद अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती दी है। हालांकि पुलिस का कहना है कि लुटेरों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में एक महिला ने अपनी 5 बेटियों के साथ ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी



