London: ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय (Britain’s Queen Elizabeth II) ने देश की अगली महारानी (next queen) के नाम का ऐलान कर दिया है। महारानी बनने की 70वीं वर्षगांठ के मौके पर महारानी ने कहा कि प्रिंस चार्ल्स के राजा बनने पर उनकी पत्नी कैमिला देश की नई महारानी होंगी। प्रिंस चार्ल्स ने अपनी पहली पत्नी प्रिंसेस डायना की एक दुर्घटना में मौत के बाद वर्ष 2005 में कैमिला से विवाह किया था।
महारानी एलिजाबेथ ने ब्रिटेन की जनता के नाम एक पत्र लिखकर ब्रिटेन की जनता द्वारा उनके प्रति दिखाए गए स्नेह को याद करते हुए कहा है कि वह चाहेंगी कि जब प्रिंस चार्ल्स राजा बनें तो कैमिला को महारानी की उपाधि मिले। प्रिंस चार्ल्स व कैमिला ने 2005 में विंडसर महल में समारोहपूर्वक शादी की थी। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के इस एलान से कैमिला को राजपरिवार के सदस्य के रूप में मान्यता मिल गई है।
महारानी एलिजाबेथ 6 फरवरी, 1952 को उस समय ब्रिटेन की महारानी बनी थी जब उनके पिता किंग जार्ज षष्टम का अचानक निधन हो गया था। महारानी एलिजाबेथ ने अपने पत्र में कहा है कि जब भी समय आएगा, उनका बेटा चार्ल्स राजा बनेगा। उन्होंने उम्मीद जताई है कि ब्रिटेन की जनता प्रिंस चार्ल्स और उनकी पत्नी कैमिला को वैसा ही समर्थन प्रदान करेंगे, जैसा उन्हें मिलता रहा है।
उन्होंने इच्छा जाहिर की है कि जब समय आए तो कैमिला को ब्रिटेन की महारानी माना जाए और वह इसी रूप में देश की सेवा करें। 95 साल की एलिजाबेथ द्वितीय ब्रिटेन पर 70 साल राज करने वाली ब्रिटेन की पहली शासक हैं।