
Berut: तुर्की समर्थित विद्रोही लड़ाकों (Turkish-backed rebel fighters) के नियंत्रण वाले उत्तरी सीरिया (North Seria) के शहर आफरीन (Afrin) पर रॉकेट दागकर हुए जोरदार हमले में छह नागरिकों की मृत्यु हो गई और दो दर्जन से ज्यादा घायल हो गए। अमेरिका समर्थित सीरियाई कुर्द फौजों को इस हमले का जिम्मेदार ठहराया गया है।

उत्तरी सीरिया स्थित आफरीन वर्ष 2018 से तुर्की और उसके सहयोगी सीरियाई लड़ाकों के कब्जे में है। 2018 में तुर्की के समर्थन से चले एक सैन्य अभियान में सीरियाई कुर्द लड़ाकों और हजारों कुर्द निवासियों को क्षेत्र से बाहर निकाल दिया गया था। तभी से अफरीन और आसपास के गांव तुर्की तथा तुर्की समर्थित लड़ाकों का निशाना रहे हैं। तुर्की अपनी सीमा से लगे सीरियाई क्षेत्र पर नियंत्रण करने वाले कुर्द लड़ाकों को आतंकवादी मानता है, जो तुर्की के भीतर कुर्द विद्रोहियों के साथ जुड़े हुए हैं।

सीरियाई अधिकारियों के मुताबिक इस रॉकेट हमले से अफरीन के एक आवासीय क्षेत्र में आग लग गयी, जिसे बमुश्किल बुझाया जा सका। एक सीरियाई नागरिक सुरक्षा संगठन व्हाइट हेलमेट्स ने एक वीडियो जारी किया है, जिस में बचाव कर्मी आग में झुलसे शवों को आगजनी की चपेट में आए भवन से बाहर निकालते नजर आ रहे हैं। वीडियो में कुछ अन्य लोग आग बुझाते नजर आ रहे हैं।
ब्रिटेन स्थित एक युद्ध निगरानी संगठन सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स ने हमले में दो बच्चों सहित छह लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है। संगठन ने इस हमले में दो दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की बात भी कही है।



