
Deoghar: देवघर नगर थाना इलाके में इन दिनों चोरी और छिनतई की घटना बढ़ती जा रही है। हर एक दो दिन में किसी न किसी से चेन छिनतई, नकदी सहित अन्य सामान की चोरी की घटना घटते रहती है। लेकिन नगर पुलिस ऐसे अपराध को अंजाम देने वाले अपराधियों को पकड़ने में नाकाम साबित हो रही है। शुक्रवार को दिनदहाड़े एक युवक से बदमाशों ने थाना क्षेत्र के बैजू मंदिर गली में हाथ से चांदी का ब्रसलेट छिन लिया और फरार हो गया।

पीड़ित जसीडीह थाना क्षेत्र के कोठिया निवासी कुश कुमार ने इसे लेकर नगर थाना में शिकायत दिया है। बताया कि वह अपने बड़े भाई और भाभी के साथ देवघर डॉक्टर के पास अल्ट्रासाउंड कराने आया था। भाई और भाभी को डॉक्टर के पास छोड़कर वह कुछ काम से टावर चौक स्थित बैजू मंदिर गली आया था। उसी स्थान पर दो बदमाश वहां पहुंचा और एक ने उसके कॉलर को पकड़ लिया तो दूसरे ने हाथ से जबरन चांदी का ब्रसलेट निकाल लिया और फरार हो गये। इधर नगर पुलिस शिकायत लेकर जांच में जुट गयी है।



