
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) चार दिन के विदेश दौरे पर गए हैं। शुक्रवार सुबह वे इटली की राजधानी रोम पहुंचे। 29 से 31 अक्टूबर दोपहर तक वे इटली में रहेंगे। यहां वे जी-20 समिट में हिस्सा लेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री ब्रिटेन ग्लास्गो (स्कॉटलैंड) पहुंचेंगे। यहां वे COP26 क्लाइमेट चेंज समिट में शिरकत करेंगे।

G20 की यह मीटिंग वास्तव में पिछले साल, यानी 2020 में होनी थी, लेकिन कोरोना के चलते इसे टाल देना पड़ा था। अब यह इटली के रोम में होगी। प्रधानमंत्री 31 अक्टूबर दोपहर तक रोम में रहेंगे। इसके बाद ग्लास्गो रवाना हो जाएंगे।

G20 को ‘वर्ल्ड इकोनॉमिक इंजन’ भी कहा जाता है। यह इस ग्रुप की आठवीं मीटिंग होगी। इस बार की थीम है- पीपुल, प्लेनैट, प्रॉस्पैरिटी। चार मुख्य मुद्दों पर विचार होगा। इनमें महामारी से रिकवरी और जलवायु परिवर्तन मुख्य मुद्दे होंगे। न्यूज एजेंसी के मुताबिक, इटली यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री वैटिकन सिटी जाकर पोप फ्रांसिस से भी मुलाकात कर सकते हैं। माना जा रहा है मोदी इटली के प्रधानमंत्री मारियो द्राघी से भी मुलाकात कर सकते हैं।
31 अक्टूबर को प्रधानमंत्री इटली से ब्रिटेन पहुंचेंगे। यहां वे स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में होने वाले जलवायु परिवर्तन से जुड़े सम्मेलन (COP26 क्लाइमेट चेंज समिट) में हिस्सा लेंगे। यह क्लाइमेट चेंज पर 26वीं समिट होगी। इटली और ब्रिटेन ने मिलकर इसका आयोजन किया है। इस सम्मेलन में 120 देशों के राष्ट्राध्यक्ष हिस्सा लेंगे।


