
नई दिल्ली: अफगानिस्तान के ‘कार्यकारी राष्ट्रपति’ अमरुल्ला सालेह ने कहा है कि अफगानिस्तान को निगलने का पाकिस्तान का मंसूबा कभी सफल नहीं होगा। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान इतना बड़ा देश है कि न तो पाकिस्तान उसे हड़प सकता है और न ही तालिबान उस पर हुकूमत चला सकता है।

अफगानिस्तान के पंजशीर घाटी इलाके में शरण लेने वाले सालेह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बिरादरी को कानून के शासन का समर्थन करना चाहिए, हिंसा का नहीं। उन्होंने बाहरी देशों से कहा कि आतंकवादी संगठनों के सामने घुटना टेक कर वे अपने इतिहास को कलंकित न होने दें।

अफगान नेता ने देश में राष्ट्रीय ध्वज लेकर तालिबानी आतंकवादियों का विरोध कर रहे नागरिकों को सलाम पेश किया। उन्होंने कहा कि अफगान लोग अपनी स्वतंत्रता और गरिमा के लिए उठ खड़े हुए हैं।
दूसरी ओर अफगानिस्तान के मशहूर योद्धा अहमद शाह मसूद के पुत्र अहमद मसूद ने अमेरिका के अखबार वाशिंगटन पोस्ट में एक आलेख के जरिए अंतरराष्ट्रीय बिरादरी से हथियार और अन्य संसाधन मुहैया कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि अफगानी आवाम तालिबान आतंकवादियों के सामने कभी घुटना नहीं टेकेगा।
उल्लेखनीय है कि अहमद मसूद ने अपने पिता द्वारा गठित प्रतिरोध संगठन ‘नॉर्दन एलायंस’ को पुनर्जीवित किया है तथा इसमें अनेक तालिबान विरोधी लड़ाकू नेता और सरकारी सेना के सैनिक शामिल हो रहे हैं।
अहमद मसूद ने कहा कि पंजशीर घाटी में हमारे पास हथियारों का जखीरा है लेकिन आने वाले दिनों में हमें और हथियारों और संसाधन की जरूरत पड़ेगी। अमेरिका सहित दुनिया के लोकतांत्रिक देशों की जिम्मेदारी है कि वे नॉर्दन एलायंस की मदद करें।
पंजशीर घाटी वह इलाका है जहां सोवियत संघ की सेना कभी कब्जा नहीं कर सकी थी। हुकुमत के पहले दौर में तालिबान भी इस इलाके को अपने नियंत्रण में नहीं ले पाए थे।
पंजशीर घाटी पहाड़ों से घिरी है जो किलेबंदी का काम करते हैं। नार्दन एलायंस के कमांडरों ने कहा है कि यहां का बच्चा-बच्चा तालिबानी आतंकियों से लड़ेगा।
तालिबान के काबुल पर काबिज होने के बाद देश के अनेक हिस्सों में तालिबान विरोधी प्रदर्शन हुए हैं। जलालाबाद, नंगहार और खोस्त में अफगानी झंडे के साथ लोग सड़कों पर उतर आए। जलालाबाद में बुधवार को तालिबान आतंकवादियों की फायरिंग में तीन और नंगहार में दो लोग मारे गए थे।
इसे भी पढ़ें:
- Lionel Messi ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लिया
- Deoghar: VIP Chowk के पास दिनदहाड़े ढाई लाख की छिनतई, बाइक सवार बदमाशों ने झपटा रुपयों से भरा झोला
- देशभर के छात्र आंदोलनों से जुड़े मामलों में FIR रद्द करने की मांग, केंद्र सरकार ने Supreme Court में दी अर्जी
- Deoghar: डुमरी विधायक के कथित तौर पर अभद्र भाषा के प्रयोग पर जिला पुलिस एसोसिएशन ने जताया कड़ा विरोध
- JSSC ने इंटरमीडिएट स्तर संयुक्त परीक्षा 2023 रद्द की, लिपिक के 836 पदों पर होनी थी नियुक्ति



