
Medininagar: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत स्थानीय पुलिस स्टेडियम में आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम में भाजपा पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने कहा कि वह राज्य के सीएम हैं, कोई चोर-उचक्का नहीं कि उन्हें केन्द्र सरकार के इशारे पर ईडी के दफ्तर में आज नोटिस दिया और कल बुला लिया।

सोरेन ने कहा कि भाजपा झारखंड सरकार के अनवरत विकास कार्य को देखकर घबरा गयी है। विरोधियों में बुखार आ गया है। यही वजह है कि वे लोग षड्यंत्र के जरिये राज्य की चुनी हुई गठबंधन की सरकार को गिराने-डराने और धमकाने में जुट गए हैं। इसके लिए केन्द्रीय जांच एजेंसियों का सहारा लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से ऐसी राजनीतिक पहले न कभी सुनी थी और न कभी देखी थी। साथ ही कहा कि भाजपा की किसी चालबाजी से हेमंत सरकार डरने वाली नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की सवा तीन करोड़ जनता ने भाजपा की डबल इंजन वाली सरकार में से एक इंजन को कबाड़ में फेंक दिया है। अब भाजपा जात और धर्म के नाम पर सिर्फ जहर उगल रही है। महंगाई की बात आज किसी से छिपी नहीं है। अगले चुनाव में भी एक बार फिर लोकतंत्र भाजपा को शिकस्त देकर आदिवासी विरोधी होने का करारा जवाब देगा।
इस मौके पर आयुक्त जटाशंकर चौधरी, डीआईजी राजकुमार लकड़ा, उपयुक्त ऐ डोडे, एसपी चंदन कुमार सिन्हा, डीडीसी मेघा भारद्वाज, सदर एसडीओ राजेश कुमार साह सहित काफी संख्या में लोग मौजूद थे।


