Godda: कांग्रेस प्रत्याशी के प्रचार को लेकर बुधवार को प्रियंका गांधी ने गोड्डा पहुंच जनसभा को संबोधित किया और भाजपा प्रत्याशी निशिकांत दुबे पर जमकर भड़ास निकाली। जिसपर भाजपा सांसद व प्रत्याशी डॉ निशिकांत दुबे ने प्रतिक्रिया दिया। पत्रकारों को संबोधित कर निशिकांत दुबे ने कहा कि गोड्डा सीट मेरे कारण ही इतना महत्वपूर्ण है।
निशिकांत दुबे ने कहा कि सदन में भ्रष्टाचार को लेकर प्रियंका गांधी के पति राबर्ट वाड्रा के खिलाफ कई बार मामला सदन में उठाने का काम किया। अपने पति के बचाव में गोड्डा आकर मेरे खिलाफ प्रचार कर रही हैं। मगर दुख की बात है कि उन्हें सुनने के लिए मुश्किल से दो से ढाई हजार की भीड़ थी। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि कांग्रेस प्रत्याशी की स्थिति क्या है।
जब योगी जी आएंगे, तो यहां का मिजाज देख लीजियेगा: निशिकांत
डॉ दुबे ने कहा कि 27 मई को जब गोड्डा में योगी जी आयेंगें, तो यहां का मिजाज देख लीजियेगा। पत्रकारों के सवालों के जवाब में कहा कि इस बार उनकी ओर से एक लाख 50 हजार राशि के योजनाओं को धरातल पर उतराने का काम किया गया है। वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव में मैंने वादा किया है कि नामांकन के बाद सभी कार्यकर्ताओं को बटेश्वर स्थान ले जाऊंगा। गोड्डा में मेडिकल कॉलेज, डिग्री कॉलेज के साथ शैक्षणिक संस्थान खोला जायेगा। साथ ही कई औद्योगिक संस्थान खोला जायेगा। भगैया सिल्क बनाने वाले बुनकरों के साथ टेक्सटाइल उद्योग को बढ़ावा दिया जायेगा। गोड्डा के लोगों को गंगा का पानी पीना है। गोड्डा में कझिया नदी का रीवर फ्रंट, बासलोई नदी में डैम, सुगाबथान में डैम के साथ किसानों की सिंचाई की समस्या का समाधान करने का काम करेंगे।