
Kolkata: दुर्गापूजा के शुरुआत से ही कोलकाता सहित राज्य के विभिन्न जिलों में बरसात हो रही है। बारिश की वजह से लोगों को पंडाल भ्रमण में दिक्कतें आ रही हैं।

इस सबके बीच कुछ युवाओं ने बरसात में पूजा घूमने का अनोखा तरीका ढूंढ निकाला है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमे बिना छतरी के कुछ युवाओं का दल बिना भीगे आराम से एक से दूसरे पंडाल जाते नजर आ रहे हैं।

दरअसल वीडियो में देखा जा सकता है कि तेज बारिश के बीच 10-12 युवक युवतियां एक बड़ी पॉलिथीन शीट को अपने सिर के ऊपर रखकर आराम से पूजा घूम रहे हैं। पॉलिथीन शीट के चारों कोनों को चार चार युवाओं ने अपने सिर के ऊपर पकड़ रखा है और भारी बारिश में ही वे आगे बढ़ रहे हैं। दूर मंडप से शहनाई की धुन सुनाई दे रही है।
वीडियो के कमेंट बॉक्स में लिखे लोगों के कमेंट्स पढ़कर ऐसा कहा जा सकता है कि वीडियो इसी दुर्गापूजा का है। इंटरनेट की दुनिया में वायरल यह वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है।


