Kanpur : उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां इरफान नाम के शख्स ने थाईलैंड की एक युवती के साथ शादी के नाम पर 60 लाख रुपए की ठगी कर ली। दोनों की बातचीत इंस्टाग्राम के जरिए शुरू हुई थी। घटना का खुलासा होने के बाद पुलिस अब मामले की जांच में जुट गई है।

दरअसल, थाईलैंड से आई एक युवती ने युवक इरफान पर शादी के नाम पर करीब 60 लाख रुपए की ठगी और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं। युवती का आरोप है कि इरफान पहले से शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं।

मामले में पीड़िता ने एडीसीपी शिवा सिंह से मुलाकात कर अपनी शिकायत दर्ज कराई। वहीं, इस मामले में अब पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है।
पीड़िता ने कहा, “मैं शिकायत करना चाहती हूं, मैं उसे अपना पति कहती हूं, उसने पिछले दो सालों में मुझसे पैसे लिए थे। हमने थाईलैंड में शादी की थी। मुझे बस अपने पैसे वापस चाहिए। मैं एक दिन पहले सोमवार को उसके घर गई और मुझे पता चला कि उसकी शादी हो चुकी है। वह पहले से ही शादीशुदा था, लेकिन उसने मुझसे झूठ बोला कि उसने अपनी पत्नी को तलाक दे दिया है।”
पीड़ित युवती ने आगे कहा कि सोमवार को मुझे पता चला कि वह शादीशुदा है, और उसने कहा कि अगर मैं अपना धर्म नहीं बदलूंगी, तो वह मुझे पैसे नहीं देगा। मैं बिना किसी को बताए उसके घर चली गई। उसकी शादी को तो 14 साल हो चुके हैं। मुझे यह बात अभी पता चली है।
इस संबंध में एडीसीपी शिवा सिंह ने कहा, “मंगलवार को एक थाईलैंड की नागरिक हमारे ऑफिस में आईं। उन्होंने अपने साथ हुई एक घटना के बारे में बताया कि कानपुर का रहने वाला इरफान नाम का एक व्यक्ति है। इरफान ने महिला से झूठे तथ्य बताकर पहले शादी की और इनसे लगभग 60 लाख रुपए भी लिए हैं। दोनों की बातचीत इंस्टाग्राम पर शुरू हुई थी।”
एडीसीपी शिवा ने कहा कि इस संबंध में इन्होंने हमें अपनी सारी चीजें बताई हैं। अब हम इनसे एक आवेदन ले रहे हैं, और हमने अपनी जांच इसमें शुरू भी कर दी है, और आगे इसमें विधिक कार्रवाई हम अमल में ला रहे हैं। (IANS)



