Lucknow: उत्तर प्रदेश(UP) के मुख्यमंत्री (Chief Minister) योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (SP) पर एक बार फिर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से प्रदेश की जनता ने 2017 में भ्रष्टाचार करने वालों को नहीं चुना था, उसी प्रकार भाजपा सरकार ने उन भ्रष्टाचारियों को नहीं बख्शा। भ्रष्टाचार करने वालों पर इस सरकार में जमकर कार्रवाई हुई। उनपर नकेल कसकर रखा गया। उन्होंने प्रदेश की जनता को आश्वस्त किया कि 10 मार्च के बाद भी प्रदेश में यही होगा।
आदित्यनाथ ने मंगलवार को ट्वीट कर कहा कि जनता ने 2017 में भ्रष्टाचारियों को चुना नहीं, हमने विगत पांच वर्षों के दौरान भ्रष्टाचारियों को बख्शा नहीं। 10 मार्च के बाद भी फिर से यही होगा। आदित्यनाथ के दूसरे ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर में कहा गया कि 15 मिनट के लिए पुलिस हटवाने की बात करने वालों! हाय-बाय तक तो ठीक है लेकिन इस बात का ध्यान रहे! यह नया उत्तर प्रदेश है, जहां सार्वजनिक तौर पर दंगाइयों के पोस्टर लगते हैं और उनकी सम्पत्ति कुर्क होती है। …और वे बाद में ‘हम सुधर गए हैं’ की तख्ती लेकर भी घूमते हैं।
उल्लेखनीय है कि नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के खिलाफ कुछ लोगों ने कई जिलों में प्रदर्शन किया था। इस पर योगी सरकार ने सख्ती से निपटने का प्लान बनाया। मुख्यमंत्री ने नुकसान की भरपाई उन्हीं दंगाइयों से कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद योगी सरकार धरना-प्रदर्शनों, आंदोंलनों, जुलूसों और धरने के दौरान सार्वजनिक सम्पत्ति का नुकसान पहुंचाने वाले लोगों से नुकसान की भरपाई के लिए उत्तर प्रदेश रिकवरी ऑफ डैमेज टू पब्लिक एंड प्राइवेट प्रॉपर्टी कानून लेकर आई। तमाम ऐसे दंगाइयों के चौराहे-चौराहे पर पोस्टर लगाए गए। अब विधानसभा चुनाव के दौरान यह मुद्दा गरमा रहा है।