झांसी: प्रेमनगर थाना क्षेत्र के पुलिया नम्बर नौ इलाके में दो दिन से बंद पड़े मकान में एक बुजुर्ग महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। हत्या की आशंका देखते हुए पुलिस ने इस मामले में देर रात जांच शुरू की। घर में लूटपाट के संकेत मिलने पर कुछ दिन पूर्व आये किरायेदारों पर संदेह जताया जा रहा है।
रेलगंज मुहल्ले में रहने वाले स्व. खूबीराम की पत्नी दुर्गादेवी के घर पर दो दिनों से ताला लगा हुआ था। यह देख पड़ोसियों ने नगरा में रहने वाली दुर्गादेवी की लड़की द्रोपदी को सूचना दी। अपने काम निपटाकर देर रात द्रोपदी ने आकर पड़ोसियों की मदद से ताला तुड़वाया तो अंदर मां की लाश देखकर उसके होश उड़ गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गयी। द्रोपदी ने बताया कि घर मे रखे जेवरात भी गायब हैं। मृतक वृद्धा के शरीर पर चोट के निशान पाए गए और मुंह बंधा हुआ था।
पुलिस को प्रारम्भिक जांच में पता चला कि एक दम्पत्ति कुछ दिन पहले किरायेदार के रूप में आई थी। पिछले दो दिन से वह किराएदार गायब हैं। एसपी सिटी विवेक त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारियों ने मौके का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस की संदेह की सुई दो दिन से गायब सप्ताह भर पूर्व मकान में आए किराएदारों पर जा टिकी है। देर रात फोरेंसिक टीम के साथ डॉग स्क्वायड भी घटना स्थल पर पहुंचा और जांच जारी थी।