
अयोध्या: रामनगरी अयोध्या में वैद्य बनकर आये चोरों ने मंदिर के पुजारी को विषैला पदार्थ खिला कर उनके कमरे से लाखों रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दे दिया. इस घटना की जानकारी शनिवार सुबह तब हुई जब पुजारी देर तक नहीं उठे. घटना की जानकारी मंदिर में रहने वाले छात्र मोनू ने वृंदावन में मंदिर के महंत स्वामी रामेश्वरा चार्य महाराज को दी. मंदिर के पुजारी गंभीर रूप से बीमार हैं. उन्हें जिला अस्पताल में इलाज के बाद लखनऊ के लिए रेफर किया गया है. पुलिस इस मामले की पड़ताल में जुट गई है.
देर शाम आया था अनजान शख्स

हनुमान कुंड वार्ड में हनुमान खटला मंदिर में रहने वाले प्रत्यक्षदर्शी विद्यार्थियों ने बताया कि कल देर शाम पुजारी के पास एक अनजान व्यक्ति आया था जो अपने आपको वैद्य बता रहा था. उसने नीम के काढ़े को शुगर के इलाज के नाम पर पूजारी जी को दिया था. देर रात वह अंदर ही था. शुगर के इलाज के नाम पर दी गई दवा के कारण पुजारी अचेत हो गए और चोर घटना को अंजाम देकर कब निकला पता ही नहीं चला. सुबह 3 बजे उठने वाले पुजारी जब नहीं उठे तो विद्यार्थियों ने उनके कमरे में झांका. विद्यार्थियों को पुजारी मुरारी पांडे अचेत मिले.
पुजारी की हालत गंभीर

मंदिर के महंत को सूचना देने के बाद विद्यार्थियों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाज के लिए पुजारी को पहले श्री राम अस्पताल भेजा. श्री राम अस्पताल से डॉक्टरों ने पुजारी को जिला अस्पताल रेफर किया और गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर कर दिया गया है.
लाखों रूपये लेकर फरार हुआ चोर
अनजान शख्स रात में उनके कमरे से मंदिर निर्माण के लिए रखे लाखों रुपये लेकर मंदिर से चंपत हो गया. गनीमत रही कि चोर मंदिर के गर्भगृह तक नहीं पहुंच सका. भगवान के विग्रह और अन्य कीमती सामान सुरक्षित रहे.
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
ऐसी ही एक घटना बीते दिनों राम की पैड़ी स्थित गया मंदिर के महंत सुख राम दास के साथ हुई थी. उनको भी एक अज्ञात व्यक्ति ने इलाज के नाम पर जहरीला पदार्थ खिलाया गया था, जिससे उनकी मौत हो गई थी. मंदिर के महंत का तमाम कीमती सामान भी चोरी हो गया था. एक बार फिर एक मंदिर के पुजारी के साथ ऐसी ही घटना हुई है.
पुलिस कर रही छानबीन
कोतवाली प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार को साइकिल से एक आदमी मंदिर आया था जोकि अपने आप को वैद्य बता रहा था। उस वैद्य ने मंदिर के पुजारी को काढ़ा पिलाया जिसके बाद पुजारी बेहोश हो गए और उसने घटना को अंजाम दिया। बताया कि प्रथम दृष्टया चोरी की नियत से पुजारी को जहरीला पदार्थ खिलाकर घटना को अंजाम दिया गया है। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।


