
एटा: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के एटा जिले (Etah District) से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मामला जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के सिरों गांव की है। जहां एक दुल्हन से शादी रचाने दो-दो दूल्हे बारात लेकर पहुंच गए। दुल्हन ने एक को वरमाला पहनाई, तो दूसरे संग विदा हुई। लेकिन, अब बखेड़ा हो गया है।

पुरे सिरों गांव में ये खबर चर्चा का विषय बनी हुई है। जहां एक मंडप पर एक दुल्हन से दो दूल्हे शादी करने पहुँच गए। दुल्हन ने जब एक को वरमाला पहनाई और उसके बाद दूसरे दूल्हे के साथ विदा हो गयी तो पहले दूल्हे व उसके परिवारवालों ने बखेड़ा खड़ा कर दिया। शादी में जमकर हंगामा व बवाल हुआ। मामला पुलिस तक पहुंचा।

पुलिस अधिकारी ने लड़की के पिता और चाचा को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ कर रही है। वहीं, पुलिस ने दूसरे दूल्हे के परिजनों को भी गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच कर रही है। हालाँकि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने इस मामले पर किसी भी तरह की टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि यह अभी भी जांच के दायरे में है।
इस अजीब वाक़ये की चर्चा गांव समेत आसपास के इलाके में भी है। कुछ लोग लड़की के परिजनों द्वारा ठगी करने की चर्चा कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि कई और भी लोगों से इसके परिजन शादी के नाम से ठगी कर चुके है। बहरहाल पुलिस की टीम अभी इस मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने की बाद ही ये साफ़ हो पायेगा कि आखिर माजरा क्या है।



