
मुजफ्फरनगर: एक शख्स ने अपनी पत्नी को मौत के घाट सिर्फ इसलिए उतार दिया क्योंकि पत्नी ने उसे भोजन में सलाद नहीं दिया. घटना उत्तर प्रदेश के शामली जिले की है.

बताया जा रहा कि शामली जिले के जलालपुर गांव में मुरली सिंह नामक व्यक्ति ने भोजन के साथ सलाद नहीं देने पर अपनी पत्नी सुदेश पर कुदाल से हमला कर दिया. जिसमें पत्नी की मौत हो गयी, जबकि मां को बचाने का प्रयास कर रहा उसका 20 साल का बेटा अजय इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी.
पुलिस फरार मुरली की तलाश कर रही

जलालपुर गांव के बाबरी पुलिस थाना के प्रभारी नेम चंद ने बताया कि मुरली सिंह के खिलाफ IPC की धारा 302 और 307 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. उन्होंने कहा कि पुलिस फरार मुरली की तलाश कर रही है. महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और उसके बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.


