
मुंबई: मुंबई के घाटकोपर इलाके से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. दरअसल, घाटकोपर पश्चिम कामा लेन के त्रिभुवन मिठाईवाला के पीछे रामनिवास नामक सोसायटी में देखते ही देखते चंद सेकेंड में पार्किंग में खड़ी एक कार जमीन में समा गई, जिसका वीडियो सोसायटी के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया. चूंकि उस वक्त कार में कोई नहीं था, इसलिए इस घटना में किसी भी प्रकार की जीवित हानि हुई.
पहले हुआ करता था कुआं

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, मुंबई के घाटकोपर में राम निवास नाम की सोसायटी में पार्किंग वाली जगह पहले कुआं हुआ करता था. जिसके बाद सोसाइटी के लोगों ने कुआं के कुछ हिस्से को बन्द कर दिया और वहां गाड़ी पार्किंग करनी शुरू कर दी थी. लेकिन तेज बारिश के कारण वहां सिंकहोल बन गया जिसमें पूरी कार कुछ ही सेकेंड में अंदर समा गई. कार पंकज मेहता नाम के शख्स की है. कार में हादसे के वक्त कोई नहीं था, इसलिए किसी प्रकार के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है. लोकल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस

घाटकोपर ट्रैफिक विभाग के प्रभारी वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नागराज मजगे ने बताया कि एक युवक अपनी कार उसी स्थल पर अपनी कार लाकर खड़ा करके चला गया था जहां पर कुएं का कुछ हिस्सा खुला हुआ था। अचानक थोड़ा हिस्सा और ढहा तो साथ मे वहां पार्क की गई कार भी कुएं में डूब गई, जिसका फ़ोटो व वीडिओ यहां के सोसायटी के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया. इस घटना की जानकारी मिलते फौरन स्थानीय पुलिस व ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस व ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी घटना स्थल पर पहुंच कर कुएं में डूबी कार को निकालने में लग गए थे।
कार घटना से कोई लेना-देना नहीं’: BMC
बीएमसी ने घटना की जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया है. मुंबई नगर निगम ने एक बयान में कहा है कि उसका इस घटना से उसका कोई लेना-देना नहीं है. यह बताते हुए कि घटना निजी सोसायटी में हुई नगर निगम ने कहा, “इस सोसायटी के परिसर में एक कुआं है. कुएं को आरसीसी द्वारा आधा कवर किया गया था. सोसायटी के निवासी अपनी आरसीसी क्षेत्र पर कारों को पार्क करते थे. जिस कारण आरसीसी पर खड़ी एक कार पानी में डूब गई.”
बयान में आगे कहा गया है कि इस संबंध में नगर निगम के संबंधित विभागीय कार्यालय द्वारा जल निकासी के कार्य का समन्वय किया जा रहा है. साथ ही संबंधित सोसायटी को इस स्थान पर सुरक्षा के लिए आवश्यक उपाय करने के लिए तुरंत सूचित किया गया है.



