
रांची: पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) इन दिनों अपनी पत्नी साक्षी सिंह धोनी और बेटी जीवा सिंह धोनी के साथ क्वालिटी टाइम बिता रहे हैं. आईपीएल 2021 के स्थगित होने के बाद से ही वे अपने घर पर ही हैं.

धोनी जब मैदान पर होते हैं तो फैंस की नजरों में होते हैं लेकिन मैदान के बाहर, वे कैसे हैं और क्या कर रहे हैं, इसका पता आसानी से नहीं चल पाता. फैंस को धोनी की अपडेट उनकी पत्नी साक्षी के अकाउंट से मिलती रहती है. साक्षी आए दिन अपने पति और बेटी की फोटो शेयर करते रहतीं हैं.

साक्षी ने अब धोनी की पुरानी तस्वीर इंस्टाग्राम पर शेयर की है. वे इस फोटो में गली क्रिकेट खेलते हुए नजर आ रहे हैं. धोनी विकेट के पीछे खड़े दिख रहे हैं. इसमें धोनी के साथ कुछ बच्चे भी हैं.
साक्षी ने इस तस्वीर को गुरुवार को पोस्ट किया और कैप्शन में लिखा, ‘पुराने में से धमाका. आप लोग बड़े क्यों हो गए?’ इसके साथ ही उन्होंने 2009 भी लिखा. धोनी ने साल 2004 में अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया था और वह जल्दी ही अपनी धमाकेदार पारियों के चलते स्टार खिलाड़ी बन गए थे. साक्षी ने जो फोटो शेयर किया है, वह धोनी के पदार्पण के करीब पांच साल बाद का है.
पिछले साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने वाले धोनी ने अपने करियर में 90 टेस्ट, 350 वनडे और 98 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले. उनकी कप्तानी में भारत ने 2007 टी20 वर्ल्ड कप और 2011 में वनडे वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचा. धोनी ने वनडे में 10773 और टेस्ट में 4876 रन बनाए. उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय फॉर्मेट में कुल 1617 रन बनाए.


