
Ranga Reddy: नाबालिग से दुष्कर्म के एक आरोपी ने जमानत पर बाहर आते ही शुक्रवार रात छह हत्याएं कर दीं। आरोपी ने घर आते ही पहले अपनी 30 साल की पत्नी, 4 साल और 18 महीने के दो बेटों की हत्या की। इसके बाद वह करीब 6 किलोमीटर दूर दूसरे गांव पहुंचा। जहां उसने 17 साल की रेप पीड़िता, उसकी मां और नानी को भी मार दिया।

घटना तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले की है। नाबालिग पीड़िता ने 16 मई को पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत आरोपी राजकुमार के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था।

लड़की के मामा नरेश ने बताया, उसने मेरी चाची, बहन और भांजी की हत्या कर दी। राजकुमार ने पहले भी लड़की को परेशान किया था। उस पर POCSO के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोपी ने धमकी दी थी वह एक-दो हफ्ते में पूरे परिवार को मार डालेगा। मामला दर्ज होने के बाद भी उसे पूछताछ या रिमांड के लिए नहीं ले जाया गया।
उसके परिवार को पता था कि वह कहां है, लेकिन पुलिस को इसकी जानकारी नहीं थी और मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। घटना के 20 दिन बाद हमने पुलिस को फिर से बताया कि वह घूम रहा है और कह रहा है कि वह लड़की को मार डालेगा। लेकिन, पुलिस ने कहा कि वे उसे ढूंढ रहे हैं। मामला दर्ज होने के सिर्फ दो दिन बाद ही वह जमानत पर बाहर आ गया था। उसने रिश्वत दी थी और मामला दबा दिया गया।
नरेश ने कहा कि यह सब पुलिस की लापरवाही की वजह से हुआ है। उन्हें सस्पेंड किया जाना चाहिए और आरोपी को हमारे हवाले कर देना चाहिए।
तेलंगाना पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है और उसे पकड़ने के लिए विशेष टीमें गठित की हैं।


