Deoghar: दिल्ली से देवघर की पहली फ्लाइट 30 जुलाई यानी शुक्रवार को देवघर एयरपोर्ट पहुंचेगी। दिल्ली से देवघर की पहली फ्लाइट बेशक ऐतिहासिक होने वाला है। इस फ्लाइट में देश के जाने-माने सितारे, सांसद व अन्य गणमान्य मौजूद रहेंगे। जो पहली फ्लाइट से दिल्ली से देवघर पहुंचेंगे।
दिल्ली से देवघर पहुंचने वाली इंडिगो की पहली फ्लाइट में स्थानीय सांसद निशिकांत दुबे के साथ उनके स्टार साथी भी मौजूद रहेंगे। जिसमें जाने-माने एक्टर शेखर सुमन भी शामिल हैं। निशिकांत दुबे ने खुद इसकी जानकारी दी है। उन्होंने कहा है कि “कल दिल्ली से देवघर की पहली फ्लाइट में मेरे लोकसभा क्षेत्र के सरैयाहाट निवासी फ़िल्म अभिनेता शेखर सुमन भी आ रहे हैं।”
कल पहुंचने वाली कॉमर्शियल फ्लाइट में गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे (MP Nishikant Dubey) के साथ कुल नौ सांसद भी रहेंगे। इंडिगो (Indigo) की इस कॉमर्शियल फ्लाइट के पायलट छपरा के सांसद राजीव प्रताप रूडी (Rajiv Pratap Rudy) होंगे। रूडी खुद फ्लाइट लेकर देवघर एयरपोर्ट (Deoghar Airport) पर उतरेंगे। दिल्ली से देवघर आने वाली पहली फ्लाइट में आम लोगों के अलावा गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे के साथ भोजपुरी के तीन बड़े स्टार सांसद मनोज तिवारी (Manoj Tiwari) , दिनेश लाल यादव निरहुआ (Dinesh lal yadav nirhua), रवि किशन (Ravi Kishan) समेत बैद्यनाथ आयुर्वेद के मालिक व सांसद अनुराग शर्मा (Anurag Sharma), पूर्व मंत्री शाहनवाज हुसैन (Shanwaz Hussain) दिल्ली के सांसद प्रवेश वर्मा (Pravesh verma), यूपी के सांसद कमलेश पासवान (Kamlesh Paswan) व सुब्रत पाठक (Subrat Pathak) और अभिनेता शेखर सुमन (Shekhar suman) देवघर आयेंगे।
देवघर में बाबा बैद्यनाथ का दर्शन करने के बाद सभी सांसद दूसरे दिन इंडिगो की फ्लाइट से दिल्ली वापस लौटेंगे।
दिल्ली से आनेवाली फ्लाइट का होगा जोरदार स्वागत
देवघर एयरपोर्ट व इंडिगो 30 जुलाई को दिल्ली से देवघर आने वाली पहली 180 सीटर की कॉमर्शियल फ्लाइट का स्वागत करने में जुटा है।इस फ्लाइट का वाटर सैल्यूट करने की भी तैयारी है।
भाजपा कार्यकर्ता करेंगे शाही स्वागत
इधर, अपने जननायक डॉ. निशिकांत दुबे के शाही स्वागत की तैयारी जन मानस और भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा की जा रही है। एयरपोर्ट के बाहर सांसद व उनके साथियों का भव्य स्वागत होगा। काफिले में घोड़े, बुलेट और अनेकों गाड़ियां मौजूद रहेगी। विशेष तौर पर महबूब बैंड शाही अंदाज में सांसद का स्वागत करेगा तो वहीं, काफिले पर पुष्प वर्षा होगी।