

लखीसराय (बिहार)

बिहार के लखीसराय के बड़हिया से जबरिया शादी का एक मामला सामने आया है। गुरुवार को मॉर्निंग वॉक (Morning Walk) पर निकले एक युवक को कुछ लोगों ने अगवा (Kidnap) किया और सीधे ले जाकर शादी के मंडप पर बैठा दिया।

दरअसल, पहाड़पुर के मंगला राय ने अपनी बेटी की शादी की पूरी तैयारी कर रखी थी। अगवा कर शादी करने तक की पूरी तैयारी प्री-प्लांड थी। इंडियन आर्मी में सेलेक्शन हो जाने के बाद लड़की वाले शिवम पर नजर रखे हुए थे। गुरुवार को शिवम गंगा सराय में मॉर्निंग वॉक के लिए निकला ही था कि एक पोखर के पास ऑल्टो रुकी और शिवम को गाड़ी के अंदर खींच लिया गया। इसके बाद उसे पहाड़पुर ले गए, जहां शादी की तमाम तैयारी थी। पूरी तैयारी के साथ दुल्हन भी सज-धजकर बैठी थी इसलिए दूल्हे की हल्दी रस्म धूमधाम से की गई। इसके बाद लड़की वालों ने उसकी फोटो भी वायरल कर दी। इस बीच स्थानीय लोगों ने युवक के अपहरण की खबर परिजनों को दी।
इधर, वायरल फोटो भी लड़के वालों तक पहुंच गयी, तो परिजनों ने पुलिस को फोटो दिखाकर लड़के के अगवा होने की शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने युवक को जमुई के सिकंदरा में बरामद कर लिया। अगर लड़की वालों ने दूल्हे की हल्दी वाली फोटो वायरल ना की होती तो शायद पुलिस लड़के तक पहुंच भी न पाती। हालांकि इससे पहले ही पूरे विधि-विधान के साथ सिमरिया के महादेव मंदिर में शिवम की जबरन शादी करवा दी गई।
शिवम का चयन इंडियन आर्मी में GD पद पर चयन हुआ है, जिसके लिए वह 20 जनवरी को ज्वॉइन करने वाला था।
वहीं, अहले सुबह युवक के अपहरण की खबर आग की तरह इलाके में फैल गई। शिवम के घर पर अफरा-तफरी का माहौल तो था ही। आस-पास के गांव के लोग भी इकट्ठे हो गए। गुस्से में लोगों ने NH 80 को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालांकि, फोटो वायरल होने के 4 घंटे के अंदर पुलिस ने युवक को बरामद कर लिया।




