कोडरमा (झारखण्ड)
तिलैया थाना क्षेत्र के शिवपुरी मोहल्ला स्थित किराए के मकान में रहने वाली महिला ने पहले अपने दो बेटों की हत्या की उसके बाद खुद भी जान दे दी। घटना रविवार देर रात की है। महिला ने पहले बच्चों को जहर खिलाया फिर खुद भी जहर खाकर सो गई ( Woman Kills Self After Killing Her Two Children)। महिला और उसके बड़े बेटे की मौत रात में ही हो गयी थी, जबकि छोटे बेटे ने सोमवार की सुबह दम तोड़ दिया।
सौतन के ससुराल आने-जाने से परेशान थी कौशल्या
मृतकों में कौशल्या देवी (30), सतीश कुमार (10) और आशीष कुमार (8) शामिल है। परिजनों ने बताया कि कौशल्या अपनी सौतन के ससुराल आने-जाने से परेशान थी और इसी वजह से उसने अपने दोनों बच्चों के साथ जान दे दी। परिजनों के अनुसार, कौशल्या का पति मुखलाल यादव राजमिस्त्री है। वो मरकच्चो थाना क्षेत्र के बिचरिया गांव का रहने वाला है। उसने दो शादियां की है। करीब 20 साल पहले मुखलाल यादव की राजधनवार निवासी सरिता के साथ शादी हुई थी। 10 साल बाद तक कोई औलाद नहीं होने के बाद मुखलाल ने सरिता से रजामंदी के बाद कौशल्या से शादी कर ली। कौशल्या और मुखलाल के दो बेटे थे। मुखलाल की पहली पत्नी सरिता अक्सर अपने ससुराल बिचरिया आना-जाना करती थी जो कौशल्या को पसंद नहीं था। इस बात को लेकर वो सरिता से नफरत करती थी। परिजनों ने बताया कि चार दिन पहले मुखलाल यादव धान की कटाई की बात कहकर अपने गांव बिचरिया आया हुआ था। इसी बीच सरिता भी गांव आ गई। इसकी जानकारी कौशल्या को मिली तो वो नाराज हो गई। रविवार की शाम जब घर में महिला टीचर बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने आई तो कौशल्या बाजार गई और जहर खरीदकर ले आई। इसके बाद उसने रात में सोते वक्त बच्चों को जहर खिला दिया और फिर खुद भी गोली खाकर दरवाजा बंदकर सो गई।
दरवाजा बंद होने के कारण पड़ोसी नहीं कर पाए मदद
देर रात करीब 12 बजे दोनों बच्चे पानी-पानी की आवाज लगा लगा रहे थे। पड़ोसियों को आवाज आई तो वे कौशल्या के घर तक पहुंचे लेकिन दरवाजा अंदर से बंद होने की वजह से वे कोई मदद नहीं कर सके। फिर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर मां और दोनों बच्चों को सदर अस्पताल पहुंचाया। यहां कौशल्या को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, बड़े बेटे सतीश को रिम्स रेफर कर दिया गया। परिजन बच्चे को रिम्स न ले जाकर हजारीबाग ले गए, जहां देर रात उसकी भी मौत हो गई। इधर, सदर अस्पताल में इलाजरत छोटे बेटे आशीष ने भी सोमवार सुबह दम तोड़ दिया।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस (Police) मामले की जांच में जुट गई है।