चाईबासा (झारखण्ड)
झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में एक जंगल से पांच नरकंकाल बरामद हुए हैं। इसमें तीन बच्चे और एक दंपती शामिल हैं। ये सभी पांच लोग चार महीने से लापता थे।
बताया जाता है कि जिले के टोंटो थाना अंतर्गत बाइहातू के रहने वाले ये सभी लोग 13-14 जुलाई, 2020 से लापता थे।
बाइहातू निवासी कैरा लागुरी, उसकी पत्नी व तीन बच्चों के अपहरण का मामला दर्ज कराया गया था। कैरा के परिजनों ने चाईबासा में धरना-प्रदर्शन कर पुलिस पर मामले की अनदेखी करने का आरोप लगाया था। इसके बाद मामले की जांच में तेजी आयी। इस मामले में पुलिस के हाथ ठोस सबूत आये। इसके आधार पर जंगल क्षेत्र में पुलिस ने छापामारी अभियान चलाया गया। पुलिस ने जांच के दौरान ये नरकंकाल बरामद किये हैं। इस सिलसिले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, जमीन विवाद में सभी 5 लोगों की हत्या करके गांव से करीब 20 किलोमीटर दूर नदी किनारे शवों को दफना दिया गया था।
पुलिस द्वारा बाइहातू के ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है। एक-दो दिन में पुलिस इस मामले का खुलासा कर सकती है। कोल्हान डीआइजी व जिला के पुलिस कप्तान भी इस पर विशेष नजर रखे हुए हैं। हालांकि पुलिस फिलहाल इस संबंध में कुछ नहीं बता रही है। पुलिस अधीक्षक अजय लिंडा ने बताया कि मामले में पूछताछ व सत्यापन हो रहा है।