चतरा (झारखण्ड)।
चतरा के पत्थलगड़ा थाना क्षेत्र स्थित सिनपुर डैम में माओवादियों ने शनिवार सुबह कोयला कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी।
गोली अर्घ्य देने के दौरान मारी गयी। फायरिंग की आवाज के बाद छठ घाट पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। घटना पत्थलगड़ा और सिमरिया प्रखंड के सीमा स्थित सिनपुर डैम की है। कोयला कारोबारी की पहचान तपसा निवासी मुकेश गिरि के रूप में की गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काले वर्दी पहने हथियार बंद एक दर्जन भाकपा माओवादी छठ घाट पर पहुंचे। फिर घाट पर मौजूद लोगों की माओवादियों ने लाठी-डंडे से पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद मुकेश गिरि को उन्होंने अपने कब्जे में ले लिया और उसकी जमकर पिटाई की। इसके बाद इंसास राइफल से उन्हें तीन गोली मारी गई।
घायल स्थिति में कारोबारी मुकेश को बेहतर इलाज के लिए सिमरिया रेफरल अस्पताल ले जाया गया। यहां स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें हजारीबाग मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हजारीबाग में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इधर,घटना की सूचना मिलते ही सिमरिया SDPO बचन देव कुजूर, पत्थलगड़ा थाना प्रभारी निरंजन रटकुमार मिश्रा घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस को घटनास्थल से इंसास की तीन गोलियों के खोखे और माओवादी पर्चा मिला है। घटना की जिम्मेदारी भाकपा माओवादियों ने ली है। पर्चा में नक्सलियों ने मुकेश गिरी पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगा हत्या करने की बात लिखी है।