नागपुर।
साइबर अपराध करने वाला गिरोह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक्टिव है, जो पहले फेसबुक फ्रेंड बनाता है और उसके बाद ताेहफा भेजने का झांसा देकर लाखों रुपए की वसूली करता है।
ऐसे ही एक मामले में नागपुर के गणेशपेठ थाने में दो महिला समेत गिरोह के चार सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, अभी तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला है। आरोपी स्टीव मायक्रोन, फर्जी कस्टम अधिकारी साधना रॉय, संचिता और बलविंदर खारीर है।
घटना 24 जून 2020 से अब तक की है। पीड़ित गणेशपेठ थानांतर्गत निवासी महिला है। जानकारी के मुताबिक पीड़िता ने स्टीव द्वारा फेसबुक पर भेजी गई फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार की थी। जिसके बाद पीड़िता और स्टीव फोन पर चैटिंग और बात करने लगे। नई-नई फ्रेंडशिप होने से स्टीव ने पीड़िता को तोहफा भेजने का झांसा दिया, लेकिन पीड़िता ने उसे तोहफा भेजने से मना किया। बावजूद इसके स्टीव ने उसे तोहफा भेजा। इस बीच पीड़िता को साधना, संचिता और बलविंदर नामक महिला व पुरुष के फोन आए। इन लोगों ने खुद को कस्टम अधिकारी बताते हुए दिल्ली एयरपोर्ट पर पीड़िता को उसके नाम पर पार्सल आने की झूठी जानकारी दी और कस्टम ड्यूटी सहित अन्य शुल्क भरने के लिए कहा। नही तो कानूनी कार्रवाई होने का डर दिखाया। कार्रवाई के नाम से डरी-सहमी पीड़िता और उसके पति ने आरोपियों के बैंक खातों में बारी-बारी कुल 12 लाख 45 हजार रुपए जमा किए। इसके बाद भी आरोपियों द्वारा रुपए ऐंठने का सिलसिला जारी रहा।
इस बीच पीड़िता और उसके पति को ठगे जाने का जब एहसास हुआ तो उन्होंने थाने में शिकायत की। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।